मुख्यमंत्री के निर्देश पर जिले में 15 अक्तूबर से विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा। सात दिनों तक चलने वाले अभियान के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में साफ-सफाई कराई की जाएगी। डीएम ने चेताया है कि अभियान में किसी प्रकार की लापरवाही क्षम्य नहीं होगी। इस संबंध में सभी ब्लॉक के बीडीओ, एडीओ पंचायत को पत्र जारी कर निर्देशित किया गया है।
डीएम चंद्र विजय सिंह ने बताया कि 15 से 22 अक्तूबर तक विशेष स्वच्छता अभियान जिले में संचालित किया जाएगा। इसमें क्लस्टर के अनुसार ग्राम पंचायत वार रोस्टर बनाए जाने का निर्देश डीपीआरओ को दिया गया है। ग्रामीण इलाकों में साफ-सफाई की शिकायत लगातार आ रही है। सफाई कर्मियों के गांव में उपस्थित न होने की शिकायतें ज्यादा हैं।
इस अभियान में गांव में सफाई की स्थिति में सुधार हो और रोस्टर में जो कर्मचारी लगाए गए हैं, उनकी उपस्थिति दर्ज कराने के लिए औचक निरीक्षण के भी निर्देश दिए गए हैं। गांव में रोस्टर के अनुसार सफाई की गतिविधियां संचालित की जाएं। इस पर डीपीआरओ ने ग्राम पंचायत वार रोस्टर बनाकर जिले के सभी गांवों में सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया।
उन्होंने बताया कि प्रत्येक सफाईकर्मी और आवश्यकता अनुसार अन्य कार्मिकों का रोस्टर बनाकर ग्रामवार तैनात करते हुए अभियान संचालित किया जाएगा। पंचायत सहायक प्रतिदिन सफाई कर्मियों, श्रमिकों की कंप्यूटर में उपस्थिति दर्ज करेंगे। गांव में ब्लीचिंग और एंटी लार्वा का छिड़काव और फॉगिंग भी कराया जाएगा।
कंट्रोल रूम स्थापित करने के निर्देश
डीपीआरओ ने बताया कि विकास खंड स्तर और जनपद स्तर पर सफाई अभियान के मॉनिटरिंग के लिए कंट्रोल रूम स्थापित करने का निर्देश दिया गया। सरकार की तरफ से वेबसाइट पर प्रतिदिन के सफाई की फोटो व गांव में किस स्थान की सफाई की गई उसका लोकेशन अपलोड करने का निर्देश भी दिया गया है। इसके लिए सभी एडीओ पंचायत एवं सचिवों को निर्देशित किया गया है। इस अभियान में किसी भी तरह की कोताही बरती गई तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।