Sonbhadra News: खाद की किल्लत को लेकर कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन कर नारेबाजी की और इस संबंध में ज्ञापन सौंपा। उन्होंने कहा कि खाद की किल्लत के लिए सरकार की नीतियां जिम्मेदार हैं।
सोनभद्र जिले में खाद की किल्लत पर सपा कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। हल लेकर पहुंचे किसानों ने खेती के मुख्य सीजन में खाद की कमी के लिए सरकार को जिम्मेदार ठहराते हुए जमकर नारेबाजी की। ज्ञापन सौंप शीघ्र पर्याप्त खाद उपलब्ध कराने की मांग की।
विज्ञापन
सपा नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार की नीतियों से किसान खाद के लिए दर-दर भटक रहा है, जबकि सत्ता पक्ष के विधायक और मंत्री किसानों की समस्या से पूरी तरह अंजान बने हुए हैं।
सपा के जिला सचिव प्रमोद यादव ने कहा कि भाजपा सरकार खुद खाद की चोरी करवा रही है। सरकारी हिस्से की आधी खाद तो खुद ले ली जाती है और प्राइवेट दुकानों पर खाद पहुंच ही नहीं पा रही है। सहकारी समितियों की दुकानें भी समय से नहीं खुलतीं, जिससे किसान घंटों लाइन में लगने को मजबूर हैं। बचोले पटेल ने कहा कि यूरिया के लिए किसान लगातार भटक रहा है।
विज्ञापन
नगर अध्यक्ष सरदार पार ब्रह्म सिंह ने आरोप लगाया कि किसानों को खाद, बिजली और पानी के लिए परेशान किया जा रहा है। सत्ता पक्ष के नेता केवल खनन में व्यस्त हैं। पूर्व नगर सचिव मनीष त्रिपाठी ने कहा कि भाजपा सरकार किसानों की आय दोगुनी करने में नाकाम रही, बल्कि नौजवानों और किसानों को खाद के लिए लाइन में खड़ा कर दिया। जनता आगामी चुनाव में इसका जवाब देगी।
प्रदर्शन में गोपाल धांगर, लालू यादव, बाबूंदार धांगर, लक्ष्मण प्रसाद मौर्य, त्रिवेणी प्रसाद गुप्ता, मुन्ना कुशवाहा, सुरेश अग्रहरि, राजेश भारती आदि मौजूद रहे। संचालन अल्पसंख्यक सभा के जिलाध्यक्ष फारुख अली जीलानी ने की।