सोनभद्र। रॉबर्ट्सगंज लोकसभा क्षेत्र से सपा सांसद छोटेलाल खरवार ने वाराणसी सर्किट हाउस में कमरे की बुकिंग अचानक रद्द किए जाने पर कड़ी नाराजगी जताई है। उन्होंने वाराणसी प्रशासन पर भेदभाव व अपमान करने का आरोप लगाया है। सांसद छोटेलाल ने बताया कि पहले से तय कार्यक्रम के तहत वाराणसी सर्किट हाउस नई बिल्डिंग के कमरा नंबर 11 क़ो बृहस्पतिवार के लिए उनके नाम से आरक्षित किया गया था। तय समय पर वह ज़ब अपने अन्य सहयोगियों के साथ कमरे की ओर जाने लगे तो प्रशासन की ओर से बुकिंग रद्द होने की बात कहते हुए अचानक रोक दिया गया। बुकिंग रद्द होने के बारे में उन्हें पहले से क़ोई जानकारी नहीं दी गई थी और न ही उनके लिए क़ोई वैकल्पिक व्यवस्था की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ताधारी दल के नेताओं के इशारे पर यह अपमान जनक व्यवहार किया गया, जिससे वह आहत हुए हैं। उन्होंने मामले क़ो सदन में भी रखने की भी बात कही।