राबर्ट्सगंज ब्लाक में शुक्रवार को समाजवादी पार्टी के कलर में नौ टैंकरों के रंगे जाने पर भाजपा ने ब्लाक प्रमुख और बीडीओ के खिलाफ नारेबाजी की। विरोध के चलते टैंकरों का लोकार्पण कराए बिना ही ग्राम पंचायतों को सौंप दिया गया। भाजपाजनों ने डीएम से शिकायत कर सरकारी धन के दुरुपयोग का आरोप लगाया है।
पेयजल संकट को देखते हुए डीएम सीबी सिंह ने सभी ग्राम पंचायतों को 14वें वित्त से पानी का टैंकर खरीदने को कहा था। राबर्ट्सगंज ब्लाक में रुदौली, बिजौली, उरमौरा, सिलथरी, सिंदुरी, कुरथा, बिच्छी, डेहरीकलां सहित नौ ग्राम पंचायतों के लिए टैंकर की खरीद हुई थी। शुक्रवार को कार्यक्रम में सदर विधायक एवं जिलाध्यक्ष अविनाश कुशवाहा को इन टैंकरों का लोकार्पण करना था। छह टैंकर ब्लाक परिसर जबकि तीन सीडीओ आवास के बाहर खड़े थे। इसी बीच भाजपा कार्यकर्ता वहां पहुंच गए। टैंकरों का रंग और ब्लाक प्रमुख का नाम देखकर विरोध जताने लगे। पूर्व जिलाध्यक्ष धर्मवीर तिवारी, मोहन पांडेय, शमशेर सिंह, विमलेश पटेल, बबलू खां, श्रवण, सुरेंद्र चौहान, अरविंद पांडेय, मनीष अग्रहरि, योगेश सिंह, राहुल पटेल, अमरेश कुमार ने कहा कि केंद्र के धन से बने टैंकरों को सपा के लोग दरवाजे पर खड़ा कर पेंट करवा रहे हैं।
इसकी शिकायत राज्यपाल से करेंगे। भाजपाजनों ने मामले की शिकायत डीएम से की है। ब्लाक प्रमुख पंकज सिंह पटेल कहते हैं कि उन्होंने जानबूझकर ऐसा नहीं किया न ही उनकी कोई मंशा थी। विवेकानंद प्रेक्षागृह को भाजपा ने अपने रंग में रंगवा दिया है, उन्होंने तो कभी विरोध नहीं किया। कहा फिर भी वह आगे से इसका ख्याल रखेंगे। डीएम सीबी सिंह ने कहा कि उन्हें शिकायत मिली थी। उन्होंने सीडीओ को इस मामले को देखने को कहा था। उधर, सीडीओ महेंद्र सिंह ने कहा कि उन्होंने बीडीओ को निर्देश दिया है कि फिर से इस तरह की गलती न दोहराई जाए।