चुर्क मोड स्थित समाजवादी पार्टी कार्यालय के सामने राष्ट्रीय अध्यक्ष पर प्राथमिकी दर्ज का विरोध
- फोटो : SONBHADRA
सोनभद्र। समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। यहां सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के इशारे पर सपा मुखिया पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के खिलाफ एफआईआर दर्ज किया गया है। चेताया कि यदि मुकदमा वापस नहीं हुआ तो आंदोलन तेज होगा।
जिलाध्यक्ष विजय यादव ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव जी पर जो भाजपा सरकार के इशारे पर फर्जी मुकदमा दर्ज किया गया है, उसे तत्काल वापस नहीं लिया गया तो सपा जन आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी। भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष की छवि धूमिल करना चाहती है। पूर्व विधायक अविनाश कुशवाहा ने कहा कि भाजपा सरकार सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव की लोकप्रियता से पूरी तरह से घबरा गई है। पूर्व विधायक रमेश चंद्र दुबे ने कहा कि भाजपा सरकार में कोई अपने आप को सुरक्षित नहीं समझ रहा है। जिला महासचिव मोहम्मद सईद कुरैशी और रवि कुमार गौड़ ने कहा कि भाजपा सरकार ने हमेशा विरोधी दल को परेशान करने का काम किया है। प्रदर्शन में राम निहोर यादव, अनिल प्रधान, राम प्रसाद यादव, ओमप्रकाश त्रिपाठी, महफूज आलम खान,परमेश्वर यादव, अशोक पटेल, त्रिपुरारी गोंड, कृपाशंकर चौहान, नजमुद्दीन, मानिकचंद कनौजिया, प्रमोद यादव, भोला प्रसाद निषाद, लाल व्रत यादव, सुरेश कुशवाहा, अजीत, सुरेंद्र यादव, कुशल सिंह, मनीष त्रिपाठी, केदार यादव, राजनाथ यादव, अजीत त्रिपाठी, सुशील यादव आदि मौजूद रहे।