सोनभद्र। सूर्योपासना का महापर्व छठ 31 अक्तूबर दिन गुरुवार को नहाय-खाय के साथ शुरू हो रहा है। चार दिवसीय छठ पूजा की तैयारी में अभी से श्रद्घालुु जुट गए हैं। तालाब, नदी, नालों के तट की साफ-सफाई करने तथा वेदी बनाने में जुट गए है। ंमंगलवार को राबर्ट्सगंज नगर के बढ़ौली स्थित तालाब, रामसरोवर तालाब और शाहगंज रहवाजा नहर के तट पर साफ सफाई करते हुए श्रद्घालुओं को देखा गया।
ज्योतिषाचार्य डा.एसएन तिवारी ने बताया कि सूर्योपासना का महापर्व छठ 31 अक्तूबर से शुरू हो रहा है। बताया कि छठ व्रत करने वाली महिलाएं 31 अक्तूबर को लौकी-भात खाएंगी। एक नवंबर को पूरे दिन व्रत रह कर श्रद्घालु शाम को खीर का सेवन करेंगे। दो नवंबर को व्रती शाम के वक्त अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ देंगे, जबकि तीन नवंबर को उगते हुए सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा। बता दें कि छठ महापर्व की तैयारी में अभी से श्रद्घालु जुट गए हैं। राबर्ट्सगंज नगर स्थित रामसरोवर तालाब, बढ़ौली गांव स्थित तालाब, नगर से सटे शाहगंज रजबहा नहर, बरकरा, देवरी, मेहुड़ी, सिरपालपुर, धरनीपुर सहित अन्य गांवों में छठ पूजा धूमधाम से हर वर्ष होती है। इसके मद़्देनजर मंगलवार को श्रद्घालुओं द्वारा साफ-सफाई किया गया। दुद्धी कस्बे से सटे गांव खजुरी स्थित प्राचीन शिव मंदिर पर वर्षों से चली आ रही डाला छठ की तैयारियों में मंगलवार को सुबह दर्जनों युवाओं ने हाथ बढ़ाया है। युवा खुद फावड़ा व झाड़ू ले कर घाट की साफ सफाई में जुट गए। प्राचीन शिव मंदिर समिति के द्वारा शिव मंदिर स्थित लकड़ा बंधा से आ रही जल धारा में सैकड़ों महिलाओं द्वारा छठ पूजा का व्रत प्रति वर्ष होता आ रहा है। व्रतधारी महिलाओं के लिए घाट की साफ-सफाई, सुसज्जित व मंदिर के रंगरोगन का कार्य शुरू कराया गया । समिति के अध्यक्ष उपेंद्र गुप्ता ने बताया कि महिलाओं के स्नान के लिए सबमर्सिबल से स्वच्छ पानी की व्यवस्था की जाएगी। इस मौके पर विवेक गुप्ता, प्रमोद गुप्ता, उमाशंकर पांडेय, अनुज कुमार, अमित कुमार सहित समिति के लोग उपस्थित रहे।