म्योरपुर। जिले को पर्यटन क्षेत्र के रूप में विकसित करने के लिए प्रदेश सरकार जल्द ही पहल करेगी। इस मसले पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए हुई बोर्ड की बैठक में गंभीरता से विचार-विमर्श किया गया।
यह जानकारी सोनभद्र से बोर्ड के सदस्य के रूप में बैठक में शामिल हुए श्रवण सिंह गौड़ ने दी। उन्होंने बताया कि बैठक में सोनभद्र को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के मुद्दे को प्रमुखता से उठाया गया। इसके साथ ही कुछ अन्य मुद्दे भी बैठक में रखे गए। उन्होंने बताया कि सोनभद्र के रेणुकूट डिवीजन के डीएफओ ऑफिस में अपनी मौजूदगी दर्ज कराकर बैठक में शामिल हुए। कहा कि जिले में पर्यटन की असीम संभावनाएं हैं। जिले में कई ऐसे स्थान हैं, जिन्हें पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जा सकता है। पर्यटन क्षेत्र के रूप में विकसित होने से यहां के लोगों की आय तो बढ़ेगी ही, साथ ही क्षेत्र का विकास भी होगा।