सोनभद्र के दुद्धी विकास खंड स्थित साधन सहकारी समितियों पर यूरिया की खेप बृहस्पतिवार को पहुंचते ही किसानों का हुजूम उमड़ पड़ा। किसानों की भीड़ को देखते हुए पुलिस को मोर्चा संभालना पड़ा। टोकन जारी कर किसानों में यूरिया वितरित की गई।
दुद्धी लैंपस के सचिव पंकज कुमार ने बताया कि एक सप्ताह बाद बृहस्पतिवार को 300 बोरी यूरिया की खेप यहां पहुंची है। जिसका वितरण किसानों में किया जा रहा है। वहीं क्रय विक्रय सहकारी समिति के संचालक दशरथ कुमार ने बताया कि 10 दिन बाद बृहस्पतिवार को 375 बोरी यूरिया का स्टॉक मिला है। जिसे वितरण करवाया जा रहा है।
उधर, धूप में किसान यूरिया लेने के लिए अपनी बारी का इंतजार करते दिखे। कई साधन सहकारी समितियों पर किसानों की पहुंची भीड़ को देखते हुए पुलिस को मोर्चा संभालना पड़ा और टोकन जारी कर किसानों में यूरिया बांटा गया। किसानों ने बताया कि यदि पर्याप्त यूरिया नहीं मिली तो फसलों को भारी नुकसान होगा।