चुर्क पुलिस लाइन में अपराध समीक्षा करते एसपी अमरेंद्र प्रसाद सिंह।
- फोटो : SONBHADRA
सोनभद्र। पुलिस लाइन चुर्क के सभागार में शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक अमरेंद्र प्रसाद सिंह ने समस्त थानों के एंटी रोमियो स्क्वाड टीम के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि अभियान चलाकर शोहदों के खिलाफ कार्रवाई करें। बालिकाओं और महिलाओं से जुड़े मामलों को गंभीरता से लेते हुए त्वरित निस्तारण करने का निर्देश दिया। उधर कोन थाना क्षेत्र में मिशन शक्ति के तहत छात्राओं को उनके सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।
एसपी अमरेंद्र प्रसाद सिंह ने एंटी रोमियो प्रभारियों को लगातार स्कूल, कालेजों के आस-पास व भीड़ भाड़ वाले स्थानों पर प्रभावी चेकिंग करने और महिलाओं, छात्राओं की सुरक्षा और महिला सशक्तिकरण के लिए चलाई जा रही विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों एवं योजनाओं के बारे में जागरूक करने के लिए निर्देशित किया। कहा कि स्कूलों, कालेजों के आसपास खड़े रहने वालों के खिलाफ कार्रवाई करें। एएसपी मुख्यालय ओपी सिंह, एससपी नक्सल डॉ. राजीव सिंह, सीओ राजकुमार तिवारी आदि मौजूद रहे। उधर कोन थाना प्रभारी विनोद सिंह के नेतृत्व में जीआईसी कॉलेज कोन में मिशन शक्ति के तहत कॉलेज की बालिकाओं से वार्ता करते हुए उन्हें विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं हेल्पलाइन नंबरों के बारें में जानकारी दी गई।
विवेचनाओं को करें पूरा, वरना होगी कार्रवाई
सोनभद्र। सदर कोतवाली में शुक्रवार को क्षेत्राधिकारी राजकुमारी तिवारी ने दारोगाओं के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने बारी-बारी से सब इंस्पेक्टरों के विवेचना की समीक्षा की। इस दौरान कई विवेचकों को फटकार भी लगी। कहा कि आईजीआरएस शिकायती प्रार्थना पत्रों की गहनता से जांच कर निस्तारण करें। समयबद्व तरीके से विवेचना पूरा न करने वालों को लापरवाह मानते हुए कार्रवाई की जाएगी। कहा कि सभी दारोगा और सिपाही अपने क्षेत्रों के अपराधिक प्रवृत्ति के लोगों को चिन्हित कर कार्रवाई करें। कोतवाल अंजनी कुमार राय, एंटी रोमियो प्रभारी शिवानी मिश्रा, कस्बा चौकी इंचार्ज योगेंद्र सिंह, दारोगा नरेंद्र राय, राम अवध यादव आदि मौजूद रहे। साथ ही छात्राओं से किसी तरह की समस्या होने पर निर्भीक होते हुए पुलिस को जानकारी देने के लिए बताया गया। क्षेत्राधिकारी राजकुमार तिवारी ने राबर्ट्सगंज कोतवाली में बैठक कर आवश्यक निर्देश दिए।