म्योरपुर। स्थानीय थाना क्षेत्र के बलियरी गांव के दक्षिण टोला में बन रही घटिया आरसीसी सड़क से क्षुब्ध होकर बृहस्पतिवार की शाम ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर नाराजगी जताई।इस दौरान ग्रामीणों ने कहा कि घटिया निर्माण हुआ तो वह बड़े पैमाने पर आंदोलन करेंगे।प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।म्योरपुर थाना क्षेत्र के बलियरी ग्राम पंचायत के दक्षिण टोला में अमरलाल के घर से दूधनाथ के घर तक बन रही घटिया आरसीसी सड़क निर्माण से क्षुद्ध होकर ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया।ग्रामीणों का कहना था कि निर्माण करने वाले ठेकेदार द्वारा पूर्व में भी रामा के घर से होती के घर तक आरसीसी सड़क का निर्माण किया था, जो वर्तमान में उखड़ गई है।ऐसे में बन रही सड़क में सफेद पत्थर डाला जा रहा है, जो सीमेंट से संपर्क में न आकर सड़क को तोड़ देगा।ग्रामीणों की अगुवाई कर रहे वन समिति अध्यक्ष लालचंद गौड़ ने कहा कि सड़क पर पूर्व में खड़ंजा लगा हुआ था।कहा खड़ंजा की ईट ग्रामीणों द्वारा अपने घर के पास रखी थी, लेकिन ठेकेदार द्वारा ईटो को साइड वॉल बनाने के काम में प्रयोग कर रहा है।ग्रामीणों का कहना था कि आरसीसी सड़क के निर्माण में बालू भी घटिया किस्म का लगाया जा रहा है।जिससे यह सड़क कितने दिन चलेगी यह खुद ही समझा जा सकता है।प्रदर्शन करने वाले ग्रामीणों में ग्राम पंचायत सदस्य रमकल देवी, हरिलाल, धर्मजीत, फूलमती, फूलकुंवर, बसंती, सुनीता, कविता, शांति, सीताकुवँर, देवंती, फूलपति, उर्मिला आदि ग्रामीण मौजूद रहे।