घोरावल। तीन महीने से मानदेय न मिलने से आक्रोशित 102 व 108 एंबुलेंस सेवा में कार्यरत पायलटों एवं मेडिकल टेक्नीशियनों ने मंगलवार को घोरावल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में प्रदर्शन किया। विरोध में बांह पर काली पट्टी बांधकर काम किया। उनका कहना है कि अगर उनका मानदेय शीघ्र नही मिला तो वे अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे। प्रताप नारायण सिंह के नेतृत्व में सीएचसी घोरावल की एंबुलेंस सेवा में कार्यरत सभी पायलटों एवं मेडिकल टेक्नीशियनों ने मंगलवार को बांह पर काली पट्टी बांधकर कार्य किया। इस दौरान एंबुलेंस कर्मचारियों ने सीएचसी परिसर में प्रदर्शन करते हुए अपनी मांग के पक्ष में आवाज बुलंद की। इन लोगों का कहना है कि उन्हें पिछले तीन महीने से उन्हें मानदेय नहीं मिल रहा है। किसी तरह कर्ज लेकर परिवार व बच्चों का भरण पोषण कर रहे हैं। वे लोग 15 जनवरी तक काली पट्टी बांधकर काम करते रहेंगे। कहा कि अगर उनकी मांगों को 15 जनवरी तक नहीं माना गया तो वे एंबुलेंस सेवा बंद कर धरना प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होंगे। इस मौके पर रामकुमार, रवि कुमार, वीरेंद्र कुमार, गणेश प्रसाद तिवारी, पीयूष तिवारी, श्याम यादव, सुनील कुमार मौर्या, अनिल कुमार यादव आदि मौजूद रहे।