दुद्धी। तहसील परिसर में मंगलवार को खोखा गांव के ग्रामीणों ने हाथों में बिजली का मीटर लेकर बिजली विभाग के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। आरोप लगाया कि बिजली विभाग ने सौभाग्य योजना के तहत घरों में बिजली का मीटर लगाकर कागज पर विद्युतीकरण का कार्य पूर्ण कर लिया है। लेकिन अभी तक बिजली का दर्शन नहीं हुआ है। इतना ही नहीं कइयों के यहां बिल पहुंचने लगा है। ग्रामीणों ने तहसीलदार से मिलकर उन्हें मांगपत्र सौंपा। चेतावनी देते हुए कहा कि शीघ्र आपूर्ति शुरू नहीं हुई तो वृहद आंदोलन करेंगे।
दुद्घी ब्लॉक क्षेत्र के खोखा गांव के दर्जनों पुरूष और महिलाएं घरों पर लगे बिजली के मीटरों को उखाड़ कर तहसील मुख्यालय पर पहुंच कर बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने कहा कि ग्राम पंचायत डालापीपर के राजस्व गांव खोखा में बिजली विभाग द्वारा जहां-तहां बिजली का खंभा गाड़कर घरों में सौभाग्य योजना के तहत मीटर टांगकर कागज पर गांव को संतृप्त दिखा दिया गया है। जबकि हकीकत में घरों में नाही तार खींचा है और नाही कनेक्शन दिया गया है। बावजूद इसके बिजली विभागबिल भेजना शुरू कर दिया है। कहा कि बिजली विभाग घरों में तार खींचे या तो यह मीटर वापस ले जाए । बगैर बिजली जलाए हम बिल कैसे भरें। कई बार संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को समस्याओं से अवगत कराया। लेकिन सिर्फ आश्वाशन दिया जाता है कि तार लगाकर आपूर्ति शुरू करा दी जाएगी।