रामगढ़। पन्नूगंज थाना क्षेत्र के बरईल गांव में शनिवार को पिकअप अनियंत्रित होकर पुलिया से टकरा गई। इस हादसे में पुलिया पर बैठे दो लोगों की मौत हो गई। दुर्घटना के बाद पिकअप अनियंत्रित होकर गड्ढे में पलट गई। ग्रामीणों ने चालक को पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। दोपहर करीब दो बजे राबर्ट्सगंज की तरफ से एक पिकअप रामगढ़ की ओर जा रही थी। अभी बरइल गांव के पास पिकअप पहुंची थी कि ओवरटेक करने के चक्कर में बेकाबू होकर खलियारी-घोरावल मार्ग के किनारे पुलिया से टकराते हुए गड्ढे में पलट गई। इस हादसे में पुलिया पर बैैठे दयाराम यादव (60) निवासी सरईगाढ़ थाना रायपुर और बरईल गांव निवासी श्रीकांत मौर्या (65) गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस घायलों को नजदीक के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तियरा ले गई। यहां डॉक्टर ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। उधर, घटना की सूचना मिलते ही मृतकों के घरवाले भी पहुंच गए। पुलिस ने बताया कि पिकअप चालक को हिरासत में ले लिया गया है। शवों का पोस्टमार्टम कराने की कार्रवाई की जा रही है। मृतकों के घरवाले जो तहरीर देंगे, उसके आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। बताया गया कि दयाराम यादव की बेटी की शादी बरईल गांव में हुई है। वह अपने बेटी के घर आए थे।