दुद्धी। कोतवाली क्षेत्र के कनहर नदी ब्रिज से सटे कनहेश्वर मंदिर के पास मंगलवार की रात्रि नौ बजे अनियंत्रित बाइक पहले से खड़ी ट्रक के चेचिस में पीछे से जा टकराई ।इससे बाइक चालक और बाइक सवार सहित दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।ग्रामीणों की सूचना पर दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर भर्ती कराया गया ।एक युवक ने दम तोड़ दिया वहीं दूसरे की हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आकाश 25 पुत्र नागेन्द्र प्रसाद और राजन 27 पुत्र स्व. पारसनाथ निवासी दुद्धी अपाचे बाइक से महुली की तरफ गए हुए थे। रात नौ बजे के करीब दुद्धी वापस आ रहे थे। सड़क पर काफी ट्रैफिक होने की वजह से जल्दी निकलने की चक्कर उनकी बाइक अनियंत्रित होकर पहले से खड़े चेचिस ट्रक में पीछे से जा टकराई। रफ्तार तेज होने के कारण जहां बाइक के परखचे उड़ गए। वहीं बाइक चला रहा आकाश गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल पहुंचने पर उसे चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। आकाश रावर्ट्सगंज से पालिटेक्निक की पढ़ाई कर रहा था। वहीं पीछे सवार राजन की स्थिति गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। उसका बायां पैर फ्रैक्चर बताया जा रहा है वहीं दाया पैर टूट गया है साथ ही गंभीर चोटें आई है। घटना की सूचना पर अस्पताल पहुंचे परिजनों का क्ररूण क्रंदन दूसरों को भी गमगीन बनाए रही। नए साल के शुरुआत में ही दो परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। पुलिस मामला दर्ज कर छानबीन में जुट गई है ।चेचिस चालक गाड़ी लेकर फ़रार बताया गया है ।