सोनभद्र। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष बनवारी लाल कंछल ने कहा है कि व्यापारियों को तीन हजार रुपये का पेंशन मान्य नहीं है। जीएसटी अधिकारियों को मिलने वाली पेंशन की तरह व्यापारियों को भी पेंशन दिया जाए। केंद्र सरकार ने इस साल एक करोड़ 12 लाख व्यापारियों का 10 लाख रुपये तक बीमा किया है, यह स्वागत योग्य है।
मंगलवार को राबर्ट्सगंज में व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष रतन लाल गर्ग के आवास पर पत्रकार वार्ता के दौरान उन्होंने कहा कि व्यापारियों को पांच लाख तक स्वास्थ्य बीमा और पांच लाख रुपये का जलैती, डकैती बीमा कराया जाए। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि ओबरा में बस स्टेशन के निर्माण के नाम पर व्यापारियों को उजाड़ने की साजिश रची जा रही है। यह कतई नहीं बर्दाश्त किया जाएगा। जहां स्टेशन का निर्माण होना है वहां पर्याप्त जमीन है। बगैर बाजार उजाड़े ही स्टेशन का निर्माण कराया जा सकता है। उधर उन्होंने राबर्ट्सगंज बाजार में सड़क चौड़ीकरण के सवाल पर कहा कि यहां चौड़ीकरण नहीं होगा। लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से इस पर वार्ता हो चुकी है। यदि फिर भी निर्माण की प्रक्रिया शुरू होती है तो व्यापार मंडल इसको लेकर आंदोलन करेगा। उन्होंने बताया कि व्यापार मंडल का 2023 मेें 50 वर्ष हो जाएगा। इस पर व्यापार मंडल स्वर्ण जयंती समारोह मनाएगा। इस दौरान जिलाध्यक्ष रतन लाल गर्ग, नगर अध्यक्ष कौशल शर्मा मौजूद रहे।