अनपरा। ऊर्जांचल के प्रमुख पिकनिक स्पॉट रेनूसागर मधुबन पार्क व बेलवादह पिकनिक स्पाट बंद होने से लोगों में खासा नाराजगी है।
वाराणसी-शक्तिनगर नगर मुख्य मार्ग स्थित डिबुलगंज से 14 किमी दूर पहाड़ियों से घिरे बेलवादह राख बांध के समीप रिहंद जलाशय की प्राकृतिक सुंदरता देखते ही बनती है। राख बांध के समीप जलाशय का दूधिया रंग व कुछ ही दूर पानी का नीला रंग संगम नगरी प्रयाग की याद ताजा करा देता है। सैलानी जलाशय के किनारे पिकनिक मनाने के दौरान स्वच्छ जल में स्नान करने का भी मौका नहीं चूकते। लेकिन इस वर्ष अनपरा तापीय परियोजना के ऐश डैम के उच्चीकरण के कारण हजारों लोग यहां पिकनिक मनाने से वंचित रह जाएंगे। परियोजना प्रबंधन ने पिकनिक स्पाट पर जाने से रोक लगा दी है जिससे लोगों में रोष व्याप्त है। ऐसा ही रेनूसागर स्थित मधुबन पार्क जो ऐश बांध पर बना है वहां भी परियोजना प्रबंधन ने अनुरक्षण का हवाला देते हुए रोक लगा दिया है।