दुद्धी। चंदौली जिले के कर्मनाशा नदी पर पुल क्षतिग्रस्त होने के बाद दुद्धी हाथीनाला मार्ग होते हुए झारखंड, बिहार, उड़ीसा, असम आदि राज्यों में जाने वाले एनएच 75 मार्ग पर भारी वाहनों के दबाव के चलते लौवा नदी तथा कनहर नदी पुल पर भारी वाहनों का काफी दबाव बढ़ गया है। रात, दिन हजारों वाहनों का आवागमन होने से नगर में पैदल चलना दुश्वार हो गया है। यहां तक की लोगों को सड़क के इस पार से उस पार करने में घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। तब कहीं जाकर नगरवासी सड़क से इस पार से उस पार जा पा रहे हैं। नगर में हजारों वाहनों के आवागमन से मार्ग पर घंटों जाम की स्थिति बनी हुई है। जाम से लोग काफी परेशान हैं। पुलिस के अधिकारी भारी वाहनों को कस्बे से बारी बारी कर एक बार में सैकड़ों वाहनों को छोड़ रहे हैं। यदि भारी वाहनों का प्रचलन इसी तरह चलता रहा तो लौवा नदी और कनहर नदी ब्रिज पर भारी वाहनों का काफी दबाव बढ़ जायेगा, जिससे पुल पर हमेशा खतरा बना हुआ है। नगर वासियों का कहना है कि यदि इसी तरह हजारों वाहनों का आवागमन बना रहा तो टू लेन की सड़कें भी पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो जायेंगी और आने वाले दिनों में दोनों पुल पर ऐसे में खतर मंडराने लगेगा ।