सोनभद्र। रविवार को जिले का अधिकतम और न्यूनतम तापमान और लुढ़क गया। शनिवार के मुकाबले रविवार को अधिकतम तापमान में 2.2 और न्यूनतम तापमान में 0.1 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। पारा लुढ़कने से रविवार को गलन बढ़ गया। कामकाजी लोग ठिठुरती हालत में दफ्तर पहुंचे। मौसम विज्ञान केंद्र चुर्क के प्रेक्षक राजन सिंह के अनुसार रविवार की सुबह आठ बजे जिले का अधिकतम तापमान 13.2 और न्यूनतम तापमान 2.0 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। जबकि शनिवार को न्यूनतम तापमान 2.1 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 15.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड दर्ज किया गया था। रविवार को सुबह 11 बजे तक घना कोहरा घेरे रहा। दिन भर चली बर्फीली हवाओं से लोग ठिठुरते नजर आए। दोपहर में धूप निकलने के बाद भी गलन बनी रही और लोग अलाव तापते दिखे। शाम ढलने के साथ ही कोहरा बढ़ना शुरू हो गया। हालत यह रही कि जो भी लोग घर से बाहर निकले, खुद को सिर से पांव तक गर्म कपड़ों से ढंके रहे। कोहरे के बीच हाइवे पर बाइक सवारों के साथ बड़े वाहन हेडलाइट और डिपर जलाकर चल रहे थे। ज्यादातर लोग दिन के अधिकांश समय अपने घरों में ही रहे।