चुर्क। सदर कोतवाली के नई बाजार गांव के समीप शनिवार की रात संदिग्ध हालत में अधिवक्ता रामबाबू (32) का खून से लतपथ शव मिला। कुछ ग्रामीणों ने घायल समझकर शव को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भिजवा दिया। घरवालों ने हत्या कर सड़क दुर्घटना का रूप देने का आरोप लगाया है।
बबुरी गांव निवासी रामबाबू चौहान पुत्र रमाशंकर चौहान अधिवक्ता थे। शनिवार को वह घर से किसी काम के सिलसिले में राबर्ट्सगंज गए थे। रात 11 बजे नई बाजार के पास सड़क के किनारे रामबाबू खून से लतपथ मिले और उनकी बाइक का आगे का हिस्सा क्षतिग्रस्त था। रास्ते से गुजर रहे कुछ ग्रामीणों ने देखा तो एंबुलेंस बुलाकर जिला अस्पताल भेजने के साथ उनके घरवालों को घटना की सूचना दी। अस्पताल में डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। उधर मौत की जानकारी मिलते ही परिजनों मेें कोहराम मच गया।
मृतक केे परिजनों ने आरोप लगाया कि किसी ने रामबाबू की हत्या कर दुर्घटना का रूप देने का प्रयास किया है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर घरवालों को सुपुर्द कर दिया। कोतवाल मिथिलेश मिश्रा ने कहा कि जांच में प्रथम दृष्टया सड़क दुर्घटना में मौत होने की पुष्टि हुई है। लेकिन मृतक केे घरवाले जो तहरीर देंगे उसके आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल अभी तक घरवालों ने तहरीर नहीं दिया है। उधर सोनभद्र बार एसोसिएशन के महामंत्री विनोद शुक्ला ने घटना पर दुख: व्यक्त किया है।