सोनभद्र। उत्तर मध्य रेलवे प्रयागराज अन्तर्गत सोनभद्र रेलवे स्टेशन को अमृत योजना 2.0 में शामिल किया गया है। अमृत योजना के तहत जिला मुख्यालय के इस स्टेशन का संपूर्ण विकास कराया जाएगा। यात्री सुविधाओं का विकास होने से नगर एवं आस-पास क्षेत्र के यात्रियों को स्टेशन पर काफी सहुलियतें मिलने लगेगी। राष्ट्रीय रेल उपयोगकर्ता परामर्श दात्री काउंसिल (एनआरयूसीसी) के सदस्य श्रीकृष्ण गौतम ने सोनभद्र रेलवे स्टेशन को अमृत योजना 2.0 में शामिल होने की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि पूर्व मध्य रेलवे धनबाद मंडल की तरफ से जिले की दो रेलवे स्टेशन रेणुकूट और चोपन को अमृत योजना 2.0 में शामिल किया गया है। जबकि उत्तर मध्य रेलवे प्रयागराज मंडल की तरफ से जिला मुख्यालय की रेलवे स्टेशन सोनभद्र को अमृत योजना 2.0 में शामिल किया गया है। उन्होंने बताया कि अमृत योजना में शामिल रेलवे स्टेशनों का संपूर्ण विकास कराया जाएगा। स्टेशन पर स्वचालित सीढिंया, लिफ्ट, शौचालय एवं भव्य प्रवेश द्वार का निर्माण कराया जाएगा। योजना के तहत स्टेशनों का विकास एयरपोर्ट के तर्ज पर किया जाएगा। बता दें सोनभद्र रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक का विस्तारीकरण का काम चल रहा है। विस्तारीकरण के साथ ही यहां यात्रि सुविधाएं बढ़ाई जाएंगी। अमृत योजना में सोनभद्र रेलवे स्टेशन को शामिल किए जाने से यात्रियों में हर्ष है।