खलियारी। बिहार राज्य में होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर शनिवार को पुलिस अधीक्षक आशीष श्रीवास्तव ने नक्सल प्रभावित क्षेत्र में स्थित यूपी बिहार बार्डर का मुआयना किया। इस दौरान सुरक्षा की दृष्टि से उन्होंने थाना रायपुर व मांची पुलिस को सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। एसपी ने मांची थाना क्षेत्र के यूपी-बिहार बार्डर पर स्थित उजारी टोला और रायपुर थाना क्षेत्र के दरमा के जंगल में गुरवट नदी पर भारी पुलिस बल के साथ सुरक्षा का जायजा लिया।
इस दौरान उन्होंने नक्सल गतिविधियों पर अलर्ट रहने के निर्देश दिए। कहा कि बिहार में विधानसभा चुनाव होने वाला है और सोनभद्र बिहार का बार्डर है। इसलिए पुलिस सतर्क रहे। खुफिया तंत्र को मजबूत किया जाए ताकि बिहार के रास्ते नक्सली सोनभद्र में प्रवेश न कर सकें। उन्होंने कहा कि जंगली रास्तों पर भी नजर रखी जाए। ग्रामीणों को सतर्क किया जाए कि यदि क्षेत्र में कोई भी अंजान व्यक्ति आता है तो उसकी जानकारी तत्काल पुलिस को दें। इस दौरान रायपुर थानाध्यक्ष हेमंत कुमार सिंह, मांची थानाध्यक्ष भुनेश्वर पांडेय आदि मौजूद रहे।