सोनभद्र। पूर्वांचल नव निर्माण मंच के बैनर तले किसानों नें मंडी परिसर राबर्ट्सगंज में बुधवार को विरोध प्रदर्शन किया। धान खरीद न होने और किसानों की समस्याओं के समाधान करने की मांग को लेकर किसानों ने नारेबाजी की। फिर परिसर में ही बैठक कर 18 फरवरी को पूर्व घोषित कार्यक्रम कलेक्ट्रेट के घेराव की रणनीति बनाई।
अध्यक्षता कर रहे सोनभद्र बार एसोसिएशन के अध्यक्ष चंद्र प्रकाश दूबे ने किसानों की हो रही दुर्दशा पर चिंता जाहिर की। कहा कि यदि सरकार धान खरीद सुनिश्चित नही करती है तो सोनभद्र बार एसोसिएशन किसानों की न्यायिक लड़ाई लड़ेगा। भारतीय किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष मनीराम पटेल व भारतीय किसान संघ के प्रांतीय अध्यक्ष चंद्रभूषण पांडेय ने किसानों की हो रही दुर्दशा के लिए सरकार की दोषपूर्ण नीतियों को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि टोकन सिस्टम प्रभावित करते हुए सरकारी लोगों ने भरपूर किसानों का दोहन किया है। पिछले दस पंद्रह साल मे किसानों की ऐसी दुर्दशा देखने को नहीं मिली। उन्होंने पूर्वांचल नव निर्माण मंच के 18 फरवरी को कलेक्ट्रेट घेराव का समर्थन किया। मंच के उपाध्यक्ष गिरीश पांडेय व शनि मिश्रा ने किसानों की जायज मांगों का समर्थन करते हुए किसान पुत्रों से सुबह कलेक्ट्रेट भवन के घेराव के लिए निर्धारित समय दस बजे कलेक्ट्रेट पहुंचने की अपील की।
मंच के अध्यक्ष श्रीकांत त्रिपाठी ने कहा कि यह किसानों के आत्म सम्मान की लड़ाई है। सरकारी उपेक्षा के कारण किसान केंद्रों पर जलील हो रहे हैं। इसके लिए जनप्रतिनिधि जिम्मेदार हैं। बैठक में अखिलेश कुमार सिंह, लवकुश पटेल, रिंकू, रघुनाथ, बेचू सिंह, दीपक गिरी, मुन्ना मालिक, पवन सिंह, मोलन सिंह, शंकर सिंह, कमलेश सिंह, रामू, राजेश कुमार, कमलेश सिंह, ओमप्रकाश समेत अन्य मौजूद रहे।