विण्ढमगंज। थाना क्षेत्र के हरनाकछार गांव के लोगों ने सोमवार को रेलवे रेणुकूट क्षेत्र के सीनियर सेक्शन इंजीनियर आमोद कुमार का घेराव किया। ग्रामीमों ने मांगों को लेकर नारेबाजी भी की। उन्होंने गांव के बीच रेलवे लाइन के गेट नंबर 49 से एक किमी पूर्व आवागमन के लिए अंडर ग्राउंड मार्ग बनवाने की मांग की। उन्हें ज्ञापन सौंपकर चेताया कि यदि अंडर ग्राउंड पुलिया का निर्माण नहीं हुआ तो ग्रामीण आंदोलन चलाएंगे।
हरनाकछार के ग्रामीणों ने सोमवार को दोपहर बाद ग्राम प्रधान प्रतिनिधि यदुनाथ यादव की अगुवाई में रेलवे के अधिकारी का घेराव किया। ग्रामीणों ने बताया कि ग्राम पंचायत के बीच से रेलवे लाइन जाती है। रेलवे लाइन के इस पार से उस पार जाने के लिए ग्राम पंचायत में स्थित गेट नंबर 49 से एक किमी पूर्व मानवरहित क्रासिंग पहले थी, जिस पर अंडर ग्राउंड मार्ग बनवाया जाए, ताकि ग्रामीणों को जाने के लिए सुविधा हो सके। ग्रामीणों ने संबंधित अधिकारी को बताया कि ग्राम हरनाकछार में ही स्थित बैरिया खाड़ी के दक्षिण दिशा की ओर प्राथमिक विद्यालय उच्च माध्यमिक विद्यालय बैंक व अस्पताल एवं मुख्य बाजार स्थित है, जिसके कारण ग्राम के वासियों को जान जोखिम में डालकर रेलवे लाइन पार करना पड़ता है। ग्रामीणों ने यह भी बताया कि हम ग्रामीण कई बार रेलवे के उच्च अधिकारी समेत जिले के डीएम से भी अंडर पास या वैकल्पिक मार्ग बनाए जाने के संबंध में आवश्यक कागजात देकर कार्रवाई की मांग की लेकिन मांगों को नजरअंदाज कर दिया जाता है। सीनियर सेक्शन इंजीनियर ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि वे उनकी समस्या को उच्चाधिकारियों तक पहुंचाएंगे। इस मौके पर संजय कुमार, अशोक कुमार, गंगाराम, अमरनाथ, हीरामणि यादव, सरजू, चंदन गुप्ता, गीता देवी, विश्व कुमार, प्रिंस कुमार, रमेश, रूबी कुमारी, कुंती देवी, शारदा देवी, श्याम सुंदर यादव, इंदु देवी, सूरज विश्वकर्मा, नवनीत कुमार, सुशीला देवी, चमेली देवी सहित सैकड़ों ग्रामीण मौजूद थे।