सोनभद्र। ओबरा थाना क्षेत्र के बिल्ली-मारकुंडी खनन क्षेत्र के एक खदान में शुक्रवार को कंप्रेशर मशीन चलाते वक्त श्रमिक मुन्नीलाल (20) खाई में गिर कर घायल हो गया। खदान में काम करने वाले श्रमिक घायल साथी को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। यहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। स्वास्थ्य कर्मियों की सूचना पर सदर कोतवाली पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया।
पुलिस के मुताबिक रामपुर बरकोनिया थाना क्षेत्र के रामपुर निवासी मुन्नीलाल बिल्ली मारकुंडी खनन क्षेत्र के एक खदान में काम कर जीवकोपार्जन करता था। शुक्रवार की सुबह करीब आठ बजे खदान में मुन्नीलाल कंप्रेशर मशीन चलाते वक्त गहरी खाई में गिरकर लहूलुहान हो गया। खदान में काम करने वाले श्रमिकों ने कड़ी मेहनत कर घायल को बाहर निकाल कर जिला अस्पताल ले गए। यहां प्राथमिक उपचार करने के बाद डॉक्टर ने घायल की हालत गंभीर देख उसको बीएचयू वाराणसी के लिए रेफर कर दिया। उधर घटना की सूचना पाकर अस्पताल पहुंचे घायल के घरवाले एवं खदान से जुड़े लोग उसे बीएचयू ले जाने की तैयारी कर रहे थे कि उसकी मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम करवा कर घरवालों को सुपुर्द कर दिया गया।