सोनभद्र। सदर ब्लॉक केे रौप गांव मेें राजकीय मेडिकल कॉलेज खुलेगा। इसके लिए जिला प्रशासन ने जमीन चिह्नित कर शासन को प्रस्ताव भेज दिया है। मंगलवार को राजधानी से आए यूपी आईसीओ के मैनेजर डॉ. कुमार विक्रम ने एसडीएम यमुना धर चौहान के साथ कॉलेज के लिए चिह्नित जमीन, जिला अस्पताल एवं नवनिर्मित तीन सौ बेड के हॉस्पिटल का निरीक्षण कर रिपोर्ट तैयार किया।
बता दें कि योगी सरकार ने जिले के अलावा पड़ोसी बिहार, झारखंड, मध्य प्रदेश एवं छत्तीसगढ़ के बच्चों को मेडिकल की शिक्षा दिलाने और मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया कराने के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज खोलने का निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर डीएम एस राजलिंगम की अध्यक्षता मेें सदर एसडीएम और तहसीलदार ने मेडिकल एजुकेशन के लिए रौप में पुलिस लाइन के समीप करीब दस एकड़ जमीन चिह्नित किया गया है। जमीन मिलते ही शासन के निर्देश पर यूपी आईसीओ के मैनेजर डॉ. कुमार विक्रम की अगुवाई में टीम ने मंगलवार को जिले में पहुंच कर प्रशासनिक अधिकारियों से भूमि समेत अन्य जानकारी ली। एसडीएम ने टीम के साथ रौप जाकर कॉलेज के लिए चिह्नित जमीन को दिखाया। इसके बाद टीम ने जिला अस्पताल पहुंच कर डॉ. पीके सिंह, डॉ. गणेश प्रसाद समेत अन्य प्रतिदिन ओपीडी मेें कितने मरीज आते है समेत अन्य बिंदुओं की जानकारी लेते हुए रिपोर्ट तैयार किया। इसके बाद टीम ने नवनिर्मित सौ बेड का जच्चा-बच्चा हॉस्पिटल, दो सौ बेड के अस्पताल, ट्रामा सेंटर, बर्न यूनिट भवन आदि का निरीक्षण किया। एसडीएम यमुना धर चौहान ने बताया कि रौप में राजकीय मेडिकल कॉलेज के एजुकेशन और जिला अस्पताल में मरीजों के उपचार का कार्य होगा। निरीक्षण में इंजीनियरिंग कॉलेज के प्रोजेक्टर मैनेजर आरके राय, एई एसके यादव आदि मौजूद रहे।