सोनभद्र। नवीन सब्जी मंडी राबटर्सगंज में सोमवार को जिला स्तरीय आशा सम्मेलन आयोजित हुआ। आशाओं से स्वास्थ्य सेवाओं को जन-ंजन तक पहुंचाने की अपील की गई। गर्भवती महिलाओं के खान पान के साथ उनके टीकाकरण नियमित रूप से कराने पर जोर दिया गया। शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष अमरेश सिंह पटेल, सदर विधायक भूपेश चौबे, जिलाधिकारी एस राज लिंगम एवं सीडीओ अजय कुमार द्विवेदी ने संयुक्त रूप से किया। सभी ने जन स्वास्थ्य सेवाओं में आशाओं की भूमिका पर प्रकाश डाला। कहा कि जन स्वास्थ्य सुविधाएं बेहतर तरीके से गांव स्तर पर घर-ंघर तक पहुंचाने के लिए आशा ही सबसे महत्वपूर्ण कड़ी है। आशाओं को मजबूती प्रदान किये बिना जन स्वास्थ्य सुविधाएं जन-जन तक पहुंचा पाना मुमकिन नहीं।
जिला पंचायत अध्यक्ष ने आशाओं से प्रदेश सरकार द्वारा चलायी जा रही जन स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ जन-ंजन तक पहुंचाने की अपील की। सदर विधायक ने कहा कि एक स्वस्थ एवं संपन्न घर वहीं होगा, जिस घर में मातृशक्ति व बच्चें हों। सम्मेलन को मुख्य विकास अधिकारी, सीएमओ डॉ. एसपी सिंह, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ बीके अग्रवाल, डॉ सलिल श्रीवास्तव, डॉ राघवेंद्र सिंह, डॉ स्नेहा मंजुल, जिला कार्यक्रम प्रबंधक रिपुंजय श्रीवास्तव, महिला कल्याण अधिकारी नीतू यती ने भी संबोधित किया। इस दौरान विविध सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए।