Sonbhadra News: जिले के ओबरा के बिल्ली मारकुण्डी स्थित श्री कृष्णा माइनिंग वर्क्स की खदान में हुए हादसे में ओबरा पुलिस की टीम ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इसमें दो माइंस मैनेजर और दो पेटीदार बताए जा रहे हैं। खदान मालिक सहित नामजद दोनों आरोपी अभी भी फरार हैं।
क्या है पूरा मामला
गत 15 नवंबर को मेसर्स कृष्णा माइनिंग वर्क्स की खदान में पहाड़ी का हिस्सा अचानक खिसक जाने से हुए भीषण हादसे में सात मजदूरों की दबकर मौत हो गई थी। घटना के बाद थाना ओबरा पर गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था। हादसे की जानकारी मिलते ही ओबरा पुलिस, फायर सर्विस और स्थानीय पुलिस बल मौके पर पहुंच गए थे।
कड़ी चुनौतियों के बीच निकाले गए थे शव
खदान की अत्यंत खतरनाक स्थिति के बावजूद पुलिस और बचाव दलों ने घंटों तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें भी मौके पर पहुंचीं और आधुनिक उपकरणों की मदद से मलबे में दबे मजदूरों के शव को बाहर निकाला गया।