हाथीनाला के चोपन थाना क्षेत्र की कोटा ग्राम पंचायत के सरपतवा और अम्मा टोला में रविवार रात सियार के हमले में चार बच्चों समेत करीब 10 ग्रामीण घायल हो गए। घायलों में महिलाएं, पुरुष और बुजुर्ग भी शामिल हैं। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। सोमवार को सभी घायल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) चोपन पहुंचे, जहां उन्हें एंटी रेबीज वैक्सीन लगाई गई। उपचार और जरूरी दिशा-निर्देश देने के बाद सभी को घर भेज दिया गया।
बचाव के लिए पहुंचे ग्रामीणों पर भी किया हमला
अम्मा टोला निवासी बाबूलाल ने बताया कि रविवार रात भोजन करने के बाद परिवार के लोग घर के बाहर चारपाई पर सो रहे थे। देर रात जंगल की ओर से आए सियार ने अचानक उनके पैर में काट लिया। दर्द होने पर उन्होंने शोर मचाया तो परिवार के अन्य सदस्य बाहर निकल आए। इसी दौरान सियार ने नंदलाल पुत्र अशोक पर हमला कर दिया। उसे बचाने पहुंचे कई अन्य लोग भी सियार के हमले में घायल हो गए।