सिंगरौली। मोटरसाइकिल चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने शुक्रवार को चार आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी की 33 मोटरसाइकिलें बरामद कर लीं।
मोरवा थाना परिसर में पुलिस अधीक्षक अभिजीत रंजन ने बताया कि मोरवा, बरगवां, माड़ा, शक्तिनगर, अनपरा, बीना, जयंत आदि जगहों से आरोपी बाइक चुराते थे। बताया कि बुधवार को चोरी गई मोटरसाइकिल के मामले की जांच के दौरान पुलिस टीम ने बड़गड़ निवासी दासाराम सिंह गोड़ एवं रामाशंकर सिंह गोड़ के आवास में छापा मार कर 11 मोटरसाइकिलें बरामद की थीं। पुलिस की सख्ती के दौरान उन्होंने बाइक चोरी का जुर्म कबूल किया और उनकी निशानदेही पर सिंगरौली एवं सोनभद्र के विभिन्न थाना क्षेत्रों चोरी की 33 मोटरसाइकिलें बरामद की गईं। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इस मामले में दासाराम सिंह गोड़, रमाशंकर सिंह निवासी बड़गड़ थाना मोरवा, रामलल्लू सिंह गोड़ निवासी ग्राम जमतिहवा थाना चितरंगी एवं सिपाही लाल सिंह निवासी ग्राम बड़गड़ थाना मोरवा को गिरफ्तार किया जा चुका है। इस गिरोह के दो सदस्य धनी सिंह गोड़ निवासी ग्राम बड़गड़ एवं सेवालाल निवासी ग्राम कतरिहार फरार हैं।
---