डीएम बद्रीनाथ सिंह ने सुनी मजदूरों की समस्या
- फोटो : अमर उजाला
सोनभद्र जिले के ओबरा सी परियोजना में कार्यरत संविदा मजदूरों के बकाया भुगतान का मामला डीएम दरबार पहुंचा। इसके बाद शनिवार को डीएम ने ओबरा पहुंचकर संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक की। वीआईपी गेस्ट हाउस में हुई बैठक के दौरान डीएम-एसपी के अलावा ओबरा परियोजना, दूसान पावर के अधिकारी एवं संविदा कंपनियों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
बैठक में डीएम बद्रीनाथ सिंह ने मजदूरों के बकाया वेतन नहीं होने पर नाराजगी जाहिर करते हुए जल्द भुगतान की बात कही। इस दौरान उनके तेवर सख्त दिखाई दिए। बैठक के बाद बाहर मौजूद मजदूरों को संबोधित करते डीएम ने बताया कि उत्पादन निगम की ओर से दूसान पावर को मजदूरों के बकाया भुगतान किए जाने को लेकर 6.7 करोड़ की धनराशि उपलब्ध कराया गया था। लेकिन दुसान पावर ने उस धनराशि में से मजदूरों के स्थान पर 5.8 करोड़ रुपये किसी और मद में भुगतान कर दिया।
डीएम ने बताया कि इसके लिए कंपनी के जिम्मेदार अधिकारियों को फटकार लगाई गई। कंपनी की ओर से आगामी 25 जुलाई तक मजदूरों के समस्त बकाया भुगतान किए जाने को लेकर लिखित रूप से आश्वासन दिया गया है। ऐसा नहीं किए जाने पर कंपनी के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।
इस दौरान ओबरा तापीय परियोजना के मुख्य महाप्रबंधक इं. आरके अग्रवाल, अपना दल एस के जिलाध्यक्ष अंजनी पटेल, ग्राम सेवा समिति के अध्यक्ष शिवदत्त दुबे, उप महाप्रबंधक इंजीनियर अजय कुमार राय, सीओ ओबरा हर्ष पांडेय, श्रम विभाग के अधिकारी आदि मौजूद रहे।