फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सोनभद्र : 15 वार्डों में सिमट जाएगा नगर, विस्तारित क्षेत्र में होंगे दस वार्ड

विज्ञापन
विज्ञापन
सीमा विस्तार के बाद नगर पालिका में वार्डों के निर्धारण का कार्य पूरा हो गया है। नगर में वार्डों की संख्या तो नहीं बढ़ी लेकिन वार्डों का विस्तार होने से भौगोलिक स्वरूप जरूर बदल गया है। मौजूदा राबर्ट्सगंज नगर अब 15 वार्डों में सिमट कर रह जाएगा। नए शामिल हुए गांवों की आबादी को शेष दस वार्डों में शामिल किया गया है। वार्ड निर्धारण के बाद रिपोर्ट शासन को प्रेषित कर दी गई है। जल्द ही इसका प्रकाशन होगा।
विज्ञापन

वर्ष 2011 जनगणना के अनुसार नगर की कुल आबादी 36682 थी। शासन स्तर से सीमा विस्तार पर मुहर लगने के बाद 22995 आबादी नगर क्षेत्र में शामिल की गई है। अब विस्तारित क्षेत्र को मिलाकर नगर की आबादी बढ़कर कुल 59684 हो गई है। अधिकारियों की मानें तो शासन से 60 हजार आबादी तक के नगर पालिका में 25 वार्ड ही बनाए जाने के नियम हैं।
वर्ष 2011 जनगणना के अनुसार नगर की आबादी करीब 60 हजार है इसलिए विस्तारित क्षेत्र को भी पहले से मौजूद 25 वार्डों में ही शामिल किया गया है। नए सिरे से वार्डों का निर्धारण किए जाने की वजह से लगभग सभी वार्डों की भौगोलिक स्थिति बदल गई है। जो वार्ड पहले 15 नंबर से जाने जाते थे वह अब 11 हो गया है। इसी तरह वार्ड 25 अब वार्ड 18 और वार्ड 19 से बदलकर 13 हो गया है। इस तरह से अन्य वार्डों की भौगोलिक स्थितियां बदली हैं। नगर क्षेत्र 15 वार्डों तक सिमट गया है। जबकि 10 वार्ड में विस्तारित क्षेत्र को शामिल किया गया है।
विज्ञापन

वार्डों के नाम भी गांव के नाम पर
प्रशासन की तरफ से गांव की पहचान खत्म न हो इसलिए वार्डों के निर्धारण के दौरान नामकरण पर भी विशेष ध्यान दिया गया है। वार्डों का नाम संबंधित गांव के आधार पर किया गया है। वार्ड 24 में कम्हारी गांव शामिल है जिसका नाम कम्हारी वार्ड रखा गया है। इसी तरह रौप व सहिजन खुर्द गांव को मिलाकर नया वार्ड रौंप सहिजन खुर्द मोहाल और छपका लोढ़ी को मिलाकर छपका लोढ़ी मोहाल बनाया गया है। इसी तरह से विस्तारित क्षेत्र में अन्य वार्डों का भी नामकरण हुआ है। प्रत्येक वार्ड में करीब 2100-2200 की आबादी रखी गई है।
अपडेट कराने होंगे अहम दस्तावेज
नगर पालिका क्षेत्र में वार्डों का निर्धारण होने से इनकी स्थिति में बदलाव हो गया है। कई वार्ड इधर से उधर हो गए हैं। वार्डों की स्थिति में बदलाव होने के बाद अब संबंधित वार्ड के लोगों को अपने आधार, निर्वाचन सहित अन्य अहम दस्तावेज को अपडेट कराना पड़ेगा।
आरक्षण पर भी पड़ेगा असर
नए सिरे से वार्ड तय होने के बाद वार्डों में श्रेणीवार आबादी में भी काफी बदलाव हुआ है। इसका असर वार्डों के आरक्षण पर पड़ना तय माना जा रहा है। निकाय चुनाव के लिए जल्द शुरू होने वाले आरक्षण में नई आबादी के मद्देनजर ही आरक्षित किया जाएगा। संभव है कि जो वार्ड पहले आरक्षित रहे हों या उन्हें अनारक्षित कर दिया जाय या आरक्षण की श्रेणी बदल जाय। चुनाव की तैयारी करने वाले दावेदार अब अपनी गुणा गणित में जुट गए हैं।
नगर पालिका परिषद का सीमा एवं वार्डों का निर्धारण पूरा हो गया है। पूरा नगर 15 वार्ड में शामिल किया गया है। वहीं विस्तारित क्षेत्र को 10 वार्डों में विभाजित किया गया है। नगर में 25 वार्ड ही हैं, लेकिन इनका भौगोलिक स्वरूप बदल गया है। - विजय कुमार यादव, अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका परिषद सोनभद्र।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें