चाइल्ड पोर्न फोटोग्राफी के मामले में सीबीआई टीम ने शुक्रवार को आरोपी युवक के घर से मोबाइल, लैपटॉप और कुछ कागजात कब्जे में लिए थे। सीबीआई ने आरोपी को सोमवार को सीबीआई कोर्ट में पेश होने की हिदायत दी थी। अब आरोपी अपने बचाव के लिए हरसंभव प्रयास कर रहा है। लेकिन सीबीआई को पर्याप्त सबूत मिल गए हैं।
सीबीआई की छह सदस्यीय टीम ने शुक्रवार को सोनभद्र के अनपरा बाजार निवासी एक युवक के घर पहुंचकर चाइल्ड पोर्न फोटोग्राफी के मामले में घंटों पूछताछ की थी। आरोपी युवक का मोबाइल, लैपटॉप सहित अन्य कागजात जब्त कर लिया था। दिल्ली सीबीआई के डिप्टी एसपी अमित कुमार की अगुवाई में टीम आई थी। इंस्पेक्टर दीपक कुमार के अनुसार, पूरा मामला चाइल्ड पोर्न फोटोग्राफी से जुड़ा है।
इसकी जांच की जा रही है। अब आरोपी युवक अपने बचाव के लिए हाथ-पांव मार रहा है, लेकिन सीबीआई के पास पर्याप्त सबूत हाथ लग गए हैं। सीबीआई के अधिकारियों अनुसार इसमें और लोगों की भी संलिप्तता है। उनकी तलाश जारी है।
अनपरा कोतवाल विजय प्रताप सिंह ने कहा कि सीबीआई गोपनीय ढंग से जांच करके लौट गई। इस मामले से पुलिस को दूर रखा गया। इस नाते उन्हें प्रकरण के बारे में जानकारी नहीं है।