केकराही। स्थानीय बाजार के पास निर्माणाधीन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवन व पीएचसी परिसर का मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अमित पाल शर्मा ने बृहस्पतिवार को निरीक्षण किया। उन्होंने यहां मरीजों को दी जाने वाली सुविधाओं की जानकारी ली और दवा वितरण की स्थिति से रूबरू हुए। दवा वितरण से संबंधित अभिलेख सही तरीके से न दिखा पाने व वितरण आदि में खामियां मिलने, जननी सुरक्षा योजना से संबंधित जानकारी तथ्य के साथ न देने पाने पर ब्लाक प्रोग्राम मैनेजर व एक अन्य कर्मी का वतन रोकने का निर्देश दिया।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के निरीक्षण के दौरान औषधि वितरण कक्ष देखा। यहां फार्मासिस्ट सुधीर सिंह से दवा विवरण रजिस्टर लेकर तिथिवार दवा कब-कब आई, कितना रोगियों में बटी, कितना शेष है आदि के बारे में पूछताछ किए। इसी तरह जननी सुरक्षा योजना से सबंधित सही जानकारी, तथ्यों के साथ न देने पर ब्लाक प्रोग्राम मैनेजर शिखा श्रीवास्तव का वेतन रोका गया। डीडीओ रामबाबू त्रिपाठी ने कहा कि अस्पताल के निरीक्षण के दौरान वहां मरीजों को मिलने वाली व्यवस्थाओं के बारे में भी देखा गया। खामी मिलने पर ब्लाक प्रोग्राम मैनेजर व एक अन्य कर्मी का वेतन रोका गया है। इस मौके पर डॉ. रामकुंवर, डॉ. अवधेश सिंह, डॉ. राकेश मौर्य, डॉ. अंजनी द्विवेदी, सुधीर सिंह, राहुल, डॉ. मनोज यादव, शिखा श्रीवास्तव, दूधनाथ तिवारी आदि मौजूद थे। इसके बाद उन्होने राजकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज का भी जायजा लिया।