रेणुकूट। स्थानीय नगर पंचायत उपचुनाव के लिए सारी तैयारियां पूरी हो गई हैं। मंगलवार को 4 प्रत्याशियों के लिए 8467 मतदाता उनके भाग्य का फैसला करेंगे। सहायक निर्वाचन अधिकारी डॉ मनीष कुमार मौर्या ने बताया कि चुनाव के लिए कुल 4 मतदान केंद्र बनाए गए हैं जिसमें प्राथमिक विद्यालय जोकाही, अवधूत भगवान राम प्राथमिक विद्यालय, प्राथमिक विद्यालय कनोडिया व महर्षि दयानंद इंटरमीडिएट कालेज को मतदान केंद्र बनाया गया है। चारों मतदान केंद्रों पर कुल 11 बूथ बनाए गए हैं, जहां मतदाता अपने मत का प्रयोग करेंगे। चुनाव में चार प्रत्याशी मैदान में है जिसमें मृत चेयरमैन शिवप्रताप सिंह की पत्नी निशा सिंह, पूर्व चेयरमैन अनिल सिंह, भाजपा प्रत्याशी शारदा खरवार और निर्दल प्रत्याशी राजपति साहनी चुनाव मैदान में है। चुनाव प्रचार के आखिरी दिन रविवार को सभी ने जुलूस निकालकर अपनी ताकत का प्रदर्शन किया था। पूर्व चेयरमैन अनिल सिंह शिवप्रताप सिंह की हत्या के आरोप में अभी भी जेल में बंद है। मतदाता खामोशी अख्तियार किए हुए हैं। 16 जनवरी को मतगणना के बाद नए चेयरमैन की ताजपोशी होगी।