फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सोनभद्रः स्नातक कक्षाओं में दाखिले की प्रक्रिया सुस्त, 25 फीसदी भी नहीं आए आवेदन

विज्ञापन
विज्ञापन
सोनभद्र में उच्च शिक्षण संस्थाओं में दाखिले की प्रक्रिया इस बार बेहद सुस्त है। बारहवीं का रिजल्ट घोषित हुए 20 दिनों से अधिक समय बीतने के बाद भी महाविद्यालयों में दाखिले के लिए पर्याप्त आवेदन फार्म नहीं आ पाए हैं। कहीं सीटों के सापेक्ष 10 फीसदी फार्म भरे गए हैं तो कहीं 20 से 25 फीसदी पर आंकड़ा सिमटा हुआ है। विवि के मानकों के तहत प्रथम वर्ष में दाखिले की प्रक्रिया सितंबर पूरी हो जानी चाहिए लेकिन आवेदन के प्रति उदासीनता देखकर संचालकों की चिंता बढ़ने लगी है।
विज्ञापन

कोरोना के कारण शिक्षण सत्र बुरी तरह प्रभावित रहा है। परीक्षा न होने से सभी पंजीकृत विद्यार्थियों की अगली कक्षा में प्रोन्नति तय हो गई थी। इसे देखते हुए जिले के ज्यादातर महाविद्यालयों ने रिजल्ट घोषित होने से पहले ही आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी थी ताकि विद्यार्थी फार्म भरने की औपचारिकता पूरी कर लें। इससे दाखिला प्रक्रिया में देरी नहीं होगी। इस प्रारंभिक तैयारी का भी कोई खास असर नहीं दिख रहा। आलम यह है कि आवेदन फार्म भरने की अंतिम तिथि में कुछ दिन शेष रह गए हैं लेकिन सीटों के सापेक्ष अभी फार्म काफी कम आए हैं।
राजकीय महिला महाविद्यालय राबर्ट्सगंज में दाखिले से पूर्व टोकन वितरण की प्रक्रिया चल रही है। टोकन लेने के बाद भी छात्राओं को फार्म भरने का मौका मिलेगा। प्राचार्य डॉ. वंदना सिंह के मुताबिक बुधवार तक 136 छात्राओं को टोकन दिया गया था। यहां प्रत्येक विषय में 60 सीटों पर आवेदन होना है। प्राचार्य ने बताया कि अभी टोकन वितरण की अंतिम तिथि 31 अगस्त है। तय समय तक पर्याप्त फार्म नहीं आते तो आगे विवि के निर्देशानुसार कोई निर्णय लिया जाएगा। दाखिला मेरिट के आधार पर होगा। उधर, विंध्य कन्या पीजी कॉलेज की प्राचार्य डॉ. अंजली विक्रम सिंह ने बताया कि बीए में 880, बीएससी व बीकॉम की 240-240 सीटों के सापेक्ष अब तक 160 फार्म जमा हुए हैं। कुल 70 छात्राओं ने दाखिला भी कराया है। आवेदन फार्म पांच जुलाई से ही बंट रहे हैं। सितंबर तक प्रवेश प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश है।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें