अनपरा। नगर के कई हिस्सों में अभी भी पाइप लाइन नहीं बिछ पाई है। इस कारण लोग पानी के लिए परेशान हैं तो दूसरी तरफ कहीं पाइप लाइन से पानी लीकेज हो रहा है। इस कारण प्रतिदिन सड़कों पर हजारों लीटर पानी बर्बाद हो रहा है।
नगर में जल निगम की ओर से 209.56 करोड़ की लागत से परासी-बेलवादह ग्राम समूह पेयजल परियोजना के तहत पाइप लाइन बिछाई जा रही है। इस कार्य की गति बेहद सुस्त है। नगर की कई गलियों में ठेकेदार ने पाइप लाइन तो बिछा दी, लेकिन कई जगह नल ही लगाना भूल गए। कई गलियों में बिछाई गई पाइप लाइन से लीकेज भी हो रहा है। इस कारण प्रतिदिन हजारों लीटर पेयजल बर्बाद हो रहा है। पानी से सड़कें खराब होकर टूट रही हैं। जगह-जगह कीचड़ बन रहा है। इस कारण लोगों को आवागमन में भी परेशानी हो रही है। दूसरी ओर नगर के कई वार्डों में अभी पाइप लाइन नहीं बिछ पाई है। ऐसे में वार्ड नंबर 18, 20, 14 के कुछ मोहल्ले पानी के लिए तरस रहे हैं। इन्हीं वार्डों में लीकेज और बिना नल के पाइप से पानी सड़कों व नालियों में बह रहा है। लोगों की शिकायतों के बावजूद कोई इस पर ध्यान नहीं दे रहा है।
लीकेज की सूचना जहां से आ रही है, वहां टीम भेजकर मरम्मत कराई जा रही है। कनेक्शन का काम भी अंतिम चरण में हैं। -हरिओम अग्रवाल, प्रोजेक्ट मैनेजर, एलएंडटी साइट परासी-बेलवादह ग्राम समूह पेयजल योजना।