कोयला श्रमिक सभा के सम्मेलन में मजदूरों को संबोधित करते महामंत्री राकेश कुमार ने कहा कि अस्तित्व बचाने के लिए कामगारों को एकजुटता से लड़ाई लड़नी होगी। उनका कहना था कि आने वाला दिन चुनौती पूर्ण होगा।
एनसीएल खड़िया परियोजना के भीमराव अंबेडकर श्रमिक मनोरंजन केंद्र में बुधवार की रात आयोजित कार्यक्रम में कोयला और पावर क्षेत्र के मजदूरों को एकजुट करने का प्रयास किया गया।
बतौर मुख्य अतिथि राकेश कुमार ने कहा कि केंद्र सरकार की नीतियां मजदूर विरोधी हैं। उन्होंने मजदूरों का आगाह करते हुए कहा कि सरकार श्रम कानूनों में बदलाव कर कारपोरेट घरानों को मदद करने की कोशिश में है।
ऐसे में कोयला और पावर के साथ अन्य सार्वजनिक उपक्रमों के मजदूर एकजुट नहीं हुए तो उनका अस्तित्व समाप्त हो जाएगा। संगठन के संयुक्त मंत्री अशोक पांडेय ने कहा कि श्रमिकों को मिलने वाली सुविधाओं में कटौती शुरू कर दी गई है। ऐसे में अपने अधिकार के लिए संघर्ष करना होगा।
इस मौके पर संगठन के क्षेत्रीय अध्यक्ष एसके सक्सेना, एनटीपीसी शक्तिनगर के संगठन महामंत्री एसके सिंह, साहेब लाल, अटल विहारी राम आदि ने संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन रामाश्रय राम पाल ने किया। इस मौके पर एसएन राम, सुरेंद्र कुमार, बबलू प्रधान, उपेंद्र दुबे, बाबूलाल, विनोद कुमार आदि मौजूद रहे।