रामगढ़। पन्नूगंज थाना क्षेत्र के रामगढ़ कस्बे में शनिवार को टायर फटने से पशुओं से लदी पिकअप छोड़कर तस्कर फरार हो गए। पशुओं को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। अज्ञात तस्करों के खिलाफ केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
रामगढ़ कस्बे में शनिवार की भोर में करीब चार बजे तेज आवाज सुनकर लोगों की नींद खुली। आननफानन लोग घटनास्थल की ओर दौड़े तो पिकअप का टायर फटने की बात सामने आई। मौके पर कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था। पिकअप के अंदर झांककर देखा तो सात गोवंश भरे थे। सूचना पर पहुंचे प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार ठाकुर ने पिकअप समेत पशुुओं को अपनी निगरानी में लेकर थाने ले गई। अज्ञात तस्करों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। एसओ ने बताया कि नंबर के आधार पर वाहन मालिक के बारे में पता लगाया जा रहा है।