पहले साझेदारी में कर रहा था नशे का कारोबार, बाद में खुद का फैला लिया नेटवर्क
नशा मुक्ति मुहिम के तहत डेढ़ माह में तस्करी के तीसरे गिरोह पर कसा गया शिकंजा
संवाद न्यूज एजेंसी
सोनभद्र। रॉबर्ट्सगंज पुलिस ने 42 लाख की हेरोइन के साथ एक तस्कर को दबोचने में कामयाबी पाई है। पहले वह साझेदारी में नशे का कारोबार कर रहा था। पिछले छह महीने से उसने अकेले नेटवर्क फैला रखा था। मुख्यालय क्षेत्र और आस-पास के गांवों को नशे से मुक्ति दिलाने के लिए डेढ़ महीने के भीतर यह तीसरी कार्रवाई सामने आई है। एनडीपीएस एक्ट के तहत शनिवार को उसका चालान कर दिया गया। पूछताछ में आरोपी ने तस्करी से जुड़े नेटवर्क के बारे में पुलिस को कई जानकारियां दी हैं। इसके आधार पर पुलिस आगे की छानबीन में जुटी हुई थी।
मुख्यालय क्षेत्र के उरमौरा परिक्षेत्र लंबे समय से हेरोइन तस्करी के लिए सुरक्षित ठिकाना बना हुआ है। पिछले दिनों एसपी के निर्देश पर छापेमारी कर पानमति और उसके परिवार के लोगों को हेरोइन तस्करी करते पकड़ा गया था। उसके बाद सूफियान और मंजूर गिरोह से जुड़े सदस्यों की गिरफ्तारी हुई थी। अब उरमौरा वार्ड 21 नई बस्ती निवासी शहनवाज खान उर्फ भोदू को गिरफ्तार किया गया है। उसके पास से फुटकर में बिक्री के लिए रखी गई 21.44 ग्राम हेरोइन बरामद की गई है। पुलिस का दावा है कि इसकी अनुमानित कीमत लगभग 42 लाख है। बताया जा रहा है कि पहले आरोपी सूफियान और मंजूर के साथ साझेदारी में हेरोइन तस्करी का कारोबार कर रहा था। किसी बात पर मनमुटाव की स्थिति बन गई तो उसने उरमौरा में खुद का मकान बनाकर तस्करी का कारोबार शुरू कर दिया। प्रभारी निरीक्षक रामस्वरूप वर्मा ने बताया कि मिली जानकारी के आधार पर शुक्रवार की देर शाम लोढ़ी चौकी इंचार्ज उमाशंकर यादव और रॉबर्ट्सगंज कोतवाली में तैनात एसआई ब्रह्मदीन यादव की अगुवाई वाली सात सदस्यीय टीम ने उरमौरा में छापेमारी की थी। पूछताछ के आरोपी का शनिवार की दोपहर न्यायालय के लिए चालान कर दिया गया।