सोनभद्र। खनन विभाग ने जिले में अवैध परिवहन पर सख्त रुख अख्तियार किया है। विभाग की टीम ने अवैध परिवहन कर रहे छह ट्रकों को सीज किया। साथ ही खनन निरीक्षक की तहरीर पर दस वाहन स्वामियों समेत 14 लोगों पर मुकदमा किया गया है। चोपन थाने में दी गई तहरीर में खान निरीक्षक मनोज सिंह ने बताया कि 21 दिसंबर की शाम मारकुंडी से पटवध के बीच खनन, परिवहन व पुलिस विभाग की टीम ने संयुक्त अभियान चलाया। जांच के दौरान बिना परिवहन प्रपत्र व ओवरलोडिंग के आरोप में दस वाहन मिले। एमचेक एप से ऑनलाइन नोटिस जारी की गई। इसमें कुछ ट्रक मारकुंडी स्थित कुछ ढाबों और गिट्टी, बालू, सरिया की दुकानों पर खड़े थे, जिनके पास वैध प्रपत्र नहीं था तो कुछ पर फर्जी नंबर प्लेट भी लगे थे। डोलोस्टोन गिट्टी लदे कई ट्रक मेसर्स जायसवाल कंस्ट्रक्शन के पार्किंग स्थल में बिना वैध परिवहन प्रपत्र के खड़े मिले। उपखनिज लदे वाहनों की देख-रेख के लिए पार्किंग संचालक अशोक पटेल को निर्देशित किया गया था, लेकिन पार्किंग स्थल के संचालक अशोक पटेल व चार ट्रकों के स्वामियों और चालकों ने मिलीभगत कर चारों ट्रकों को भगा दिया। तहरीर में बताया कि ढाबा व पार्किंग स्थल के संचालक बिना परिवहन प्रपत्र और ओवरलोड वाहनों को आश्रय देते हैं। जांच अधिकारियों का लोकेशन लेकर धोखे से वाहनों को पार कराते हुए राजस्व की क्षति पहुंचाते हैं। तहरीर के आधार पर चोपन पुलिस ने अलग-अलग जिलों के दस ट्रकों के मालिकों, पांडेय ढाबा मारकुंडी के संचालक सत्यदेव पांडेय, सनातन ढाबा के संचालक, मेसर्स जायसवाल कंस्ट्रक्शन के संचालक वीरेंद्र पटेल, पार्किंग स्थल के संचालक अशोक पटेल पर मुकदमा दर्ज किया गया है। साजिश रचने, लोक सेवक के आदेश की अवमानना, सार्वजनिक संपत्ति को क्षति पहुंचाने, चोरी, जालसाजी सहित अन्य धाराओं में 14 लोगों पर केस दर्ज किया है। खनन निरीक्षक मनोज सिंह ने बताया कि कई ट्रकों को छिपाने के लिए तिरपाल लगाई गई थी। छह ट्रकों को सीज कर दिया गया है।