दीपावली के दिन बुधवार की देर रात ओबरा बस अड्डा स्थित छह दूकानों में आग लग जाने से उसमें रखा लगभग 15 लाख का सामान जलकर राख हो गया। इसके अलावा तीन बकरे और आधा दर्जन मुर्गे भी जल गए। पुलिस अगलगी के कारणों का पता लगाने में जुट गई है।
बुधवार की रात लगभग 2:50 बजे गश्त कर रहे थाने के सिपाहियों ने दूकान से उठ रहे धुएं को देखकर इसकी सूचना थानाध्यक्ष वीरेंद्र कुमार यादव को दी। थानाध्यक्ष ने तत्काल सीआईएसएफ फायर को इसकी सूचना दी। लगभग दस मिनट में घटना स्थल पर पहुंचे। फायर विंग के जवानों ने ढाई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह से काबू पाया।
आग भीषण होने के चलते चार जनरल स्टोर, एक जूता-चप्पल तथा मुर्गा व बकरे की दूकान पूरी तरह से जल गई। सूचना पर गुरुवार सुबह अपर जिलाधिकारी रामचंद्र के नेतृत्व में एसडीएम सदर हर्षदेव पांडेय, नायब तहसीलदार अंबिका चौधरी, क्षेत्राधिकारी प्रवीण कुमार यादव, लेखपाल राजेश मिश्रा, प्रभारी कानूनगो जटाशंकर तथा थानाध्यक्ष वीरेंद्र कुमार यादव व डाला चौकी इंचार्ज बृजनाथ यादव ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पीड़ित दूकानदार अवध बिहारी, राधेश्याम, योगेंद्र प्रसाद, शंकर प्रसाद, श्यामलाल सोनकर तथा इरशाद से मिलकर जिला प्रशासन की ओर से अधिकतम आर्थिक सहायता दिलाए जाने का आश्वासन दिया। मौके पर पहुंचे नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि रमेश सिंह यादव ने सभी पीड़ित दूकानदारों को पांच-पांच हजार रुपये देने की बात कही।
वहीं नगर के कन्हैयालाल जायसवाल ने अपना आर्थिक सहयोग करते हुए समस्त जली दूकानों के मरम्मत का कार्य शुक्रवार को स्वयं के खर्च से शुरू कराया। इस अवसर पर सपा नेता विजय यादव, रमेश वर्मा, डिंपल यादव, विजय शंकर यादव, सुशील मिश्रा संग्राम, आनंद पटेल दयालु, भाजपा मंडल अध्यक्ष जेपी सिंह सहित अन्य लोग जिला प्रशासन से उचित मुआवजा दिलाए जाने की मांग की है।