सोनभद्र। अब सांस लेने की दिक्कत पर लोगों को गैर जनपद उपचार के लिए नहीं जाना पड़ेगा। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग ने इंतजाम कर लिया है। विभाग ने ट्रामा सेंटर में स्थित चार बेड का वेंटिलेटर अब जिला अस्पताल के आर्थो डिपार्टमेंट में स्थानांतरित कर दिया है। साथ ही इसे क्रियाशील भी कर दिया है।इसके अलावा दो बेड का वेंटीलेटर ऑपरेशन थिएटर में चालू किया गया है। इस बाबत जिला अस्पताल के अधीक्षक डॉ. प्रेम बहादुर गौतम ने बताया कि ट्रामा सेंटर में पहले वेंटिलेटर लगा था, लेकिन वह क्रियाशील नहीं था। ट्रामा सेंटर भी चालू नहीं था। इससे लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ती थी। लेकिन अब जिला प्रशासन की पहल पर जिला अस्पताल के ट्रामा सेंटर में नई व्यवस्था की जा रही है। ट्रामा सेंटर में अब पाइपलाइन ऑक्सीजन की व्यवस्था की जा रही है। इसको लेकर कार्य शुरू करा दिया गया है। साथ ही यहां के चार बेड के वेंटीलेटर को जिला अस्पताल के आर्थो डिपार्टमेंट का अलग वार्ड स्थापित कर क्रियाशील किया गया है।