भाई की लंबी आयु के लिए बृहस्पतिवार को बहनों ने भाई दूज की पूजा की। समूह में एकत्रित होकर बहनों ने विधि विधान से पूजा की। इसके बाद भाई को तिलक लगाकर मिठाई खिलाई। भाइयों ने भी बहनों को उपहार भेंट किया।
कार्तिक शुल्क पक्ष की द्वितीया तिथि को भाई दूज मनाया जाता है। मान्यता के अनुसार इस दिन बहनें अपने भाई की लंबी आयु के लिए प्रार्थना करती हैं। इससे पहले अन्नकूट की भी परंपरा है। बड़ी संख्या में महिलाओं ने बुधवार को ही अन्नकूट पूजा की थी। इसके बाद बृहस्पतिवार को भाई को तिलक लगाकर मिठाई खिलाई। वहीं नगर के कई मोहल्लों में बृहस्पतिवार की सुबह महिलाओं ने अन्नकूट पूजा की।
सार्वजनिक स्थान, आंगन, पोखरा, तालाब, नदी के किनारे खुले स्थान पर गोबर से जमीन पर अलंकरण बनाया। इसके मध्य में लाई, चूड़ा, चीनी की मिठाई आदि रखकर पूजा की। फिर दोपहर बाद भाई को मिठाई खिलाया। भाई दूज पर पूजन कर रही सौम्या केशरी, अंजली अग्रहरि, सलोनी, विनीता, पिंकी जायसवाल, संगीता और सुरभि ने बताया कि अपने भाई के लिए व्रत रखकर पूजा किया है।
राबर्ट्सगंज नगर के सिविल लाइंस रोड, साईं चौक के समीप, रेलवे क्रासिंग के समीप, दंडईत बाबा मंदिर के समीप कांशीराम आवास में बड़ी संख्या में बहनें सामूहिक रूप से भाईदूज पर पूजन की और उनके दीर्घायु की कामना की। ग्रामीण इलाकों में भी भाईदूज पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।