राबर्ट्सगंज वीरेश्वर महादेव मंदिर में सावन के दूसरे सोमवार को पुजन अर्चन करते लोग।
- फोटो : SONBHADRA
सोनभद्र। जिले में सावन के दूसरे सोमवार को भी भक्तों ने शिवालयों में दर्शन-पूजन किया। इस दौरान कम ही लोगों का आना जाना हुआ। श्रद्धालु पहुंचे भी तो सोशल डिस्टेंसिंग के बीच बाबा के दर्शन किए। सुरक्षा के मद्देनजर गुप्ताकाशी में विराजमान उमा-माहेश्वर समेत अन्य शिवालयों और विजयगढ़ दुर्ग पर स्थित राम सरोवर के आसपास पुलिसकर्मी तैनात रहे। कोरोना वायरस के चलते पुलिस प्रशासन ने श्रावण मास में कांवर यात्रा पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगा दिया है। हालांकि श्रद्घालुओं को सोशल डिस्टेंस का पालन करते हुए मंदिरों में पूजन-अर्चन करने की अनुमति दी गई है। लेकिन जिले में लगातार कोरोना के बढ़ रहे रोगियों को देखते हुए कम संख्या में ही श्रद्घालु मंदिरों दर्शन-पूजन को पहुंचे। अधिकांश ने अपने-अपने घरों में ही पूजा पाठ किया। राबर्ट्सगंज नगर में स्थित वीरेश्वर महादेव मंदिर, शोभनाथ मंदिर, काली मंदिर परिसर में विराजमान भगवान शिव के दरबार में श्रद्घालुओं ने हाजिरी लगाया। रौप में स्थित पंचमुखी महादेव मंदिर, बरैला के भगवान भोले शंकर, गौरी शंकर के शिव मंदिर, शिवदर में विराजमान उमा-माहेश्वर के दरबार में मंत्रोचार के साथ पूजन-अर्चन हुआ। एएसपी ओपी सिंह, सीओ राजकुमार त्रिपाठी, सीओ राम आशीष यादव, अभिनव यादव अपने-अपने क्षेत्र में भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे। दुद्घी: सावन के दूसरे सोमवार को भगवान भोले का श्रद्धालुओं ने पूरी निष्ठा भाव से अपने घरों और शिवालयों में पूजन अर्चन किया। व्रतधारी महिलाएं और पुरुष बारी-बारी से सोशल डिस्टेंसिंग का ध्यान रखते हुए भगवान भोले का जलाविषेक कर धतूरा फूल बेलपत्र चढ़ाया।