रॉबर्ट्सगंज के सिविल लाइंस रोड पर बिजली के खंभे पर तिरपाल बांधते कर्मचारी। स्वयं
सोनभद्र। जिले में 30 जुलाई से गुप्तकाशी शिवद्वार में शुरू हो रहे सावन मेला और ऐतिहासिक कांवर यात्रा को लेकर बिजली निगम तैयारियों में जुटा हुआ है। शिवद्वार मेला क्षेत्र में श्रद्धालुओं और कांवड़ यात्रियों को निर्बाध बिजली आपूर्ति उपलब्ध कराने के लिए मेला क्षेत्र में व्यापक सुधार कार्य किए जा रहे हैं। अब तक जरूरत के हिसाब से 32 से अधिक बिजली के खंभे लगाए जा चुके हैं। एक खंभे से दूसरे खंभे की ज्यादा दूरी होने और ढीले तारों से निजात के लिए ये खंभे लगाए गए हैं। ढीले और क्षतिग्रस्त तारों को बदलने तथा कसने का कार्य अंतिम चरण में है। वहीं लोहे के खंभों की टेपिंग का कार्य भी युद्धस्तर पर चल रहा है। रविवार की देर शाम तक बिजली निगम के अधीक्षण अभियंता ज्ञानेंद्र सिंह और रॉबर्ट्सगंज विद्युत वितरण खंड के अधिशासी अभियंता ओपी गुप्ता ने मेला क्षेत्र और कांवरयात्रा रूट का निरीक्षण करते हुए सुरक्षा कार्य कराए। अधीक्षण अभियंता ने बताया कि कांवड़ यात्रा रूट पर सड़क किनारे लगे लोहे के बिजली खंभों की टेपिंग (तिरपाल लगाने) करने का कार्य चल रहा है। चुर्क बाजार से लेकर बढ़ौली चौक, सिविल लाइंस रोड, पन्नूगंज मार्ग, बड़ी नहर लेते हुए धर्मशाला चौक से घोरावल रोड और शिवद्वार रोड पर लगे बिजली के खंभों की टेपिंग कराई जा रही है। अधिकारियों की मानें तो कांवर यात्रा और बरसात के मद्देनजर सुरक्षा के कार्य कराए जा रहे हैं। अब तक 1500 से अधिक बिजली के खंभों में टेपिंग का कार्य कराया जा चुका है। वहीं पांच से अधिक ट्रांसफार्मरों के पास सुरक्षा जाली लगाई गई है। इसके साथ ही शिवद्वार मंदिर परिसर, मुख्य मार्ग और घोरावल क्षेत्र में लटकते बिजली के तारों को बदला जा रहा है तथा जहां आवश्यकता है वहां नए खंभे लगाए जा रहे हैं। आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में तत्काल बिजली बहाल करने के लिए अतिरिक्त ट्रॉली ट्रांसफाॅर्मर की व्यवस्था की गई है। अधीक्षण अभियंता स्वयं शिवद्वार मेला क्षेत्र का निरीक्षण करके तैयारियों की लगातार निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि श्रावण मास के दौरान शिवद्वार धाम आने वाले श्रद्धालुओं को बिजली से संबंधित किसी भी तरह की असुविधा न हो, इसका विशेष ध्यान दिया जा रहा है। शिवद्वार में श्रावण मेला के दौरान बिजली आपूर्ति सुचारु रूप से होता रहे, इसके लिए बिजली निगम की तरफ से अतिरिक्त कर्मचारियों की तैनाती की जाएगी। बिजली व्यवस्था संबंधित शिकायत सीयूजी नंबरों पर किया जा सकता है। इसके अलावा हेल्पलाइन नंबर 1912 पर शिकायत दर्ज की जा सकती है।