दुद्धी। कोतवाली क्षेत्र के सरडीहा गांव में सोमवार सुबह खेत की सिंचाई के लिए मोटर चालू करने गए बीरबल (36) की करंट लगने से मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। सरडीहा निवासी बीरबल धान की रोपाई के लिए खेत में सिंचाई करने पहुंचे थे। मोटर चालू करने के दौरान वह विद्युत तार जोड़ रहे थे। इसी दौरान तार में करंट उतरने से वह उसकी चपेट में आ गए और गंभीर रूप से झुलस गए। परिजन उन्हें तत्काल सीएचसी ले गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। पिता लक्ष्मण ने बताया कि बीरबल हिंडाल्को की ग्रासिम इंडस्ट्रीज में काम करता था। नौकरी के साथ वह खेती कर परिवार का पालन-पोषण करता था। उसके परिवार में पत्नी के अलावा चार बच्चे हैं, जिनमें 15 वर्षीय संदीप कुमार, 13 वर्षीय अनिता, 11 वर्षीय सुनीता और आठ वर्षीय सुशील शामिल हैं। परिवार के एकमात्र कमाऊ सदस्य की मौत से परिजनों पर दुख का पहाड़ टूट पड़ा है और बच्चों के भविष्य को लेकर चिंता गहरा गई है। दुद्धी कोतवाल धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। आगे की कार्रवाई की जा रही है।
बिरबल का फाइल फोटो