सोनभद्र। होली के पर्व को लेकर शनिवार को सदर एसडीएम डॉ. केएस पांडेय व जिला आबकारी अधिकारी शैलेंद्र सिंह के नेतृत्व में मारकुंडी सहित जिला मुख्यालय के एक दर्जन देशी शराब व बीयर की दुकानों की जांच हुई। सदर एसडीएम ने बताया कि होली के पर्व को देखते हुए देशी शराब व बीयर की दुकानों पर छापेमारी की कार्रवाई की गई। बीयर की एक दुकान पर ओवर रेटिंग पाई गई है। इसके लिए दुकानदार को कारण बताओ नोटिस जारी की जाएगी। जिला आबकारी अधिकारी ने बताया कि दस रुपये की ओवर रेटिंग कर बीयर बेचने का मामला प्रकाश में आया है जिसको लेकर कारण बताओ नोटिस सेल्समैन को दिया जाएगा। बताया कि यदि किसी भी दुकान पर डंपिंग की शिकायत या ओवर रेटिंग की शिकायत मिली तो संबंधित दुकान के सेल्समैन के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए जुर्माना वसूला जाएगा। इस मौके पर आबकारी निरीक्षक विपिन कुमार राय, राजेश दुबे, सविता आदि मौजूद रहे। उधर जिला आबकारी अधिकारी शैलेंद्र सिंह ने बताया कि मिले गाइडलइन के अनुसार 28 मार्च की रात्रि से 29 मार्च तक जिले की सभी देशी शराब व बीयर की दुकान बंद रहेंगी। दुकानें 30 मार्च को खुलेंगी।