डाला गोली कांड के अमर शहीदों की मंगलवार को 24वीं पुण्यतिथि मनाई गई। इस मौके पर क्षेत्रीय सांसद छोटेलाल खरवार समेत काफी संख्या में लोगों ने श्रद्धासुमन अर्पित कर शहीदों को नमन किया। इसके अलावा वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर कुछ देर के लिए सांकेतिक चक्काजाम भी किया गया।
बता दें कि दो जून 1991 को डाला में हुई गोलीकांड के दौरान छात्र नेता राकेश तिवारी और आठ श्रमिक शहीद हो गए थे। उसी समय से डाला शहीद स्थल पर उनकी याद में यह आयोजन किया जाता है। मंगलवार की सुबह शांति पाठ और सर्वधर्म सभा आयोजित की गई। दोपहर बाद 3:20 बजे वाराणसी-शक्तिनगर मुख्य मार्ग पर खड़े होकर सांकेतिक चक्काजाम किया गया। सबसे पहले शहीद परिवारों के महिला, पुरूष और बच्चों ने शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित किया।
इसके बाद सांसद छोटेलाल खरवार, जेपी एसोसिएट्स के अधिशासी अध्यक्ष अजय शर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष भूपेश चौबे, हरेंद्र पांडेय, सुधीर मिश्रा, अशोक मिश्रा, धर्मवीर तिवारी, मुकेश जैन, संतोष कुमार ने श्रद्धासुमन अर्पित किया। इस मौके पर सांसद छोटेलाल खरवार और अधिशासी अध्यक्ष अजय शर्मा शहीद परिवार के लोगों से मुलाकात की। शहीदों के परिवारवालों में शकुंतला राय, सिंगारी, सपना, जीतना, रेनू, कलावती, तारा, जय देवी मौजूद रहीं।