राम की जन्मस्थली अयोध्या में हिंदू समाज की आस्था को साकार रूप मिल रहा है। सभी के सहयोग से भव्य राम मंदिर का निर्माण होगा। अब भारत को जल्द हिंदू राष्ट्र घोषित कर देना चाहिए। यह बात सोमवार को सोनभद्र में जगतगुरु शंकराचार्य नरेंद्रानंद सरस्वती महाराज ने कहीं।
खाड़पाथर में उन्होंने पत्रकारों से वार्ता करते हुए कहा कि जम्मू कश्मीर में अनुच्छेद 370 खत्म हुए बहुत समय बीत गया अब वहां के लिए नीति निर्धारण होना चाहिए। अब वहां लोगों को पुनर्वासित करने का प्रयास होना चाहिए। उन्होंने कहा कि 1951 हिंदू एक्ट को समाप्त करना चाहिए।
इस एक्ट के तहत किसी भी मंदिर मठों को सरकार जब चाहे अधिग्रहीत कर उनके धन को किसी भी प्रयोग में ले सकती है। ऐसा मस्जिदों और गिरजाघरों के लिए लागू नहीं होता। आंध्र और केरल में बहुत से मंदिरों का अधिग्रहण करके वहां के धन को ईसाई और मुस्लिमों के विकास में खर्च किया जा रहा है। इसे जल्द खत्म करना चाहिए या फिर गिरजाघर हो या मस्जिदों को भी इस दायरे में लाना चाहिए।