महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के कुलपति प्रो. पृथ्वीश नाग ने कहा कि विद्यापीठ का शक्तिनगर परिसर जल्द वाईफाई सुविधा से लैस होगा।
यहां के विद्यार्थियों को डाक के जरिए डिग्री भेजने की व्यवस्था की जाएगी। इसको लेकर जरूरी कवायद शुरू हो गई है। डॉ. नाग सोमवार को विद्या पीठ के शक्तिनगर परिसर में आयोजित कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं से मुखातिब थे।
कहा कि विद्यार्थियों को हमेशा सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ना चाहिए। क्योंकि अच्छी सोच लक्ष्य प्राप्त करने में मददगार होती है।
उन्होंने कहा कि काशी विद्यापीठ प्रदेश का अव्वल विश्वविद्यालय है। उनका कहना था कि सभी का सहयोग मिलता रहा तो यह देश का नबंर एक विश्वविद्यालय बन सकता है।
काशी विद्यापीठ के एनटीपीसी शक्तिनगर परिसर में सोमवार को आयोजित वाद-विवाद सत्र में छात्रों ने कुलपति से कई सवाल किए और सुविधाओं की मांग की। कुलपति ने भरोसा दिलाया कि उनकी मांगों पर गंभीरता से काम होगा।
उन्होंने शक्तिनगर परिसर में जल्द वाईफाई की सुविधा देने की बात कही। कहा कि इस सुविधा से छात्र देश और विदेश की हर जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।
छात्र-छात्राओं ने लाइब्रेरी, कामन रूम, खेल, कैंटीन, प्लेसमेंट, छात्र संघ चुनाव आदि के बारे में प्रश्न किए। छात्राओं ने विशेष रूप से महिला हास्टल की बात रखी।
जगह की कमी बताते हुए कुलपति नाग ने कहा कि इसका समाधान तलाशा जा रहा है। बताया कि विश्वविद्यालय छात्रों को डिग्री पोस्ट के जरिए भेजने की व्यवस्था कर रहा है।
छात्रों का भरोसा दिलाया कि किताबों की कमी नहीं होगी कुलपति का कहना था कि इसके लिए एडवाइजिंग कमेटी बनाई जाएगी। इससे पूर्व परिसर के निदेशक प्रो. शंभू उपाध्याय ने कुलपति नाग का स्वागत किया और संक्षिप्त परिचय दिया।